जीवन एक अवसर- एक कदम अनंत की ओर

     

                                                        जीवन एक अवसर- एक कदम अनंत की ओर

                        जीवन एक अवसर गैर-लाभकारी संगठन है, जो सोसायटी पंजीकरण अधिनियम (1973) के तहत पंजीकृत है। समिति शिक्षा, स्वास्थ्य व पर्यावरण के साथ सामाजिक प्रगति एवं समाज में व्याप्त कुरीति उन्मूलन हेतु कार्य करती हैं। समिति का मुख्यालय विकासखंड जैसीनगर, जिला सागर मध्य प्रदेश है। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शिक्षा के लोकव्यापीकरण हेतु शासकीय विद्यालय में भौतिक संसाधन, अकादमिक संसाधन में क्षमता अनुसार सहयोग प्रदान करना। जिससे कि संसाधनों के अभाव का शिक्षा पर प्रभाव न पड़े। इसके साथ ही रक्तदान व वृक्षारोपण क्षेत्र में भी कार्य करना संस्था के मुख्य उद्देश्य में सम्मिलित हैं।


                    पृष्ठभूमि- शासकीय सेवा में प्राथमिक शिक्षक के रूप में जुलाई 2013 में सेवा प्रारंभ की।  सत्र  2013-14 में कक्षा 5 को अध्ययन कराते हुए,  कुछ कठिनाइयां महसूस की। उदाहरण हेतु बच्चों के पास शैक्षिक संसाधनों की कमी जैसे कॉपी, पेन आदि। इन कमियों को दूर करने हेतु अगले सत्र 2014-15 में संसाधनों की पूर्ति हेतु साथी द्रव्य शुक्ला के साथ मिलकर आवश्यक सामग्री का वितरण कर संसाधनों की पूर्ति करते  हुए पढ़ाने का प्रयास किया। आगामी वर्षों में 2014 से 2020 तक विद्यालय में अकादमिक सहयोग व भौतिक संसाधन की पूर्ति हेतु टीम व जनसहयोग के माध्यम से शिक्षा के स्तर को सुधारने हेतु प्रयास किया गया।  जिससे सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए। इसी अनुभव को आधार बनाकर जुलाई 2020 में जीवन एक अवसर का निर्माण हुआ।

                   शिक्षा- शिक्षा जीवन का मुख्य आधार है। शिक्षा से तात्पर्य सिर्फ कागजी डिग्रियां प्राप्त करने से नहीं हैं। बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में सही गलत का निर्धारण करने हेतु जो ज्ञान हमें विद्यालय, परिवार व समाज से प्राप्त होता है, वही सही शिक्षा है। कई बार जीवन के कठिन समय में विद्यालय की शिक्षा के साथ-साथ हमारे निजी अनुभव काफी सहायता प्रदान करते हैं। परंतु शिक्षा की शुरुआत की प्रारंभिक व्यवस्था के क्रम में परिवार के बाद विद्यालय का स्थान आता है। जिसमें शिक्षा प्राप्त करने हेतु विद्यालय मुख्य रूप से कार्य करता है। इसलिए विद्यालयों में आवश्यक संसाधनों की कमी से शिक्षा प्रभावित न हो, इस उद्देश्य को लेकर विशेष रूप से शासकीय विद्यालयों में आवश्यक अकादमिक संसाधन व भौतिक संसाधनों की पूर्ति के लिए कार्य करना संगठन का प्रमुख उद्देश्य है।

               स्वास्थ्य- संगठन स्वास्थ्य के क्षेत्र में रक्तदान को प्रोत्साहित करता हैं। कई कठिन परिस्थितियों में चिकित्सालय में देखने में आता है, कि परिवार के सदस्य को जब रक्त की आवश्यकता होती है | तो परिवार के सभी सदस्यों के रक्त समूह की जानकारी भी नहीं होती है, कि परिवार के अन्य सदस्यों का कौन सा रक्त समूह है। इस तरह की स्थिति ग्रामीण क्षेत्र में अधिकांश देखने में आती है। इस बात को आधार बनाकर अधिकांशत ग्रामीण क्षेत्रों के परिवारों को रक्तसमूह की जांच कराकर, उन्हें रक्तदान हेतु प्रेरित करना। साथ ही जटिल रक्त समूह की पहचान कर उन्हें विषम परिस्थितियों के लिए चिन्हांकित करना।

            पर्यावरण- हम सभी भलीभांति परिचित हैं कि जिस भी संसाधन का उपयोग हमारे द्वारा किया जाता है। उसके बदले में हम कुछ न कुछ शुल्क प्रदान करने हेतु बाध्य हैं। परंतु प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग पर यह शर्त कार्य नहीं करती हैं। हमें पर्यावरण से जल, वायु, भूमि, फल आदि कई ऐसे अतिआवश्यक तत्व है कि जो हमें निशुल्क प्राप्त है। उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का सबसे सरल तरीका शायद यह है कि हम प्रकृति में उन चीजों के निर्माण में कुछ कार्य कर सकें। इस प्रक्रिया में सबसे सरल कार्य वृक्षारोपण हैं, इस कार्य हेतु प्रोत्साहित करना और स्थान स्थान पर वृक्षारोपण करना।

                प्रत्येक कार्य को करने हेतु सहयोग की आवश्यकता होती है। सहयोग 3 तरह से होता है तन से, मन से और धन से। अपनी क्षमता के अनुरूप आप जो भी सहयोग उचित समझें, वह आप हमें अवश्य प्रदान करें। इसके साथ ही  धन से सहयोग करने की बात आती है, तो वह आप हमें क्यों दें ? इस हेतु निम्न बात आपके समक्ष प्रस्तुत है -

            सहयोग राशि क्यों दें- सर्वप्रथम सहयोग राशि प्रदान करने के पूर्व यह बात आती है कि आप हमें सहयोग राशि क्यों दें? सहयोग राशि का उपयोग यदि हमें पता हो कि उसका उपयोग कहां होना है या हो रहा है। तो  सहयोग राशि प्रदान करने में असुविधा नहीं होती। साथियों आप हमें जो भी सहयोग राशि देंगे उसका उपयोग हम शिक्षा, स्वास्थ्य व पर्यावरण के क्षेत्र में करेंगे। शिक्षा के क्षेत्र में हम शासकीय विद्यालयों का चयन कर उनमें आवश्यक संसाधनों की पूर्ति हेतु कार्य करेंगे। उदाहरण स्वरूप विद्यालय में शौचालय व पेयजल को मुख्य रूप से व्यवस्थित करना। स्वास्थ्य के क्षेत्र में रक्तदान को बढ़ावा देने हेतु रक्तदान शिविरों का आयोजन करना व साथ ही अधिक से अधिक गांवों का चयन कर रक्त समूह की जांच कराकर समय पड़ने पर उन्हें रक्तदान हेतु एकत्रित करना। पर्यावरण के क्षेत्र में स्थान का चयन कर वृक्षारोपण के उपरांत उनका उचित रखरखाव करना व समय समय पर उन वृक्षों की पर्याप्त  वृद्धि न होने तक खाद-पानी की व्यवस्था करना।  इसके अतिरिक्त समयानुसार उचित कार्यों में आपके द्वारा दी गई सहयोग राशि का उपयोग किया जाएगा।

            साथियों बहुत-बहुत धन्यवाद 🙏

            लेख को पढ़कर आप अपने सुझाव हमें अवश्य प्रदान करें। साथ ही आप विचार व कार्य से सहमत हो तो इस लेख को अधिक से अधिक व्यक्तियों के साथ साझा अवश्य करें। सधन्यवाद👏🏻

        जीवन एक अवसर के फेसबुक पेज को देखने के लिए लिंक

        https://www.facebook.com/jeevanekavsar/


       



Comments